मुंबई से आज टकरा सकता है चक्रवात, 90-100 किमी प्रति घंटा हुई हवा की रफ्तार मुंबई में तूफान के मद्देनजर धारा 144 लागू कर दी गई, लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की गई


मुंबई ।       भारतीय मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान निसर्ग आज दोपहर से शाम तक मुंबई से करीब 94 किमी की दूरी पर स्थित अलीबाग से टकरा सकता है। विभाग के अनुसार निसर्ग तूफान गंभीर चक्रवाती तूफान बन गया है। यह अभी मुंबई से 200 किलोमीटर की दूरी पर है। पिछले एक घंटे में 85 से 95 किलोमीटर से बढ़कर 90 से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा हो गई है। मुंबई में तूफान के मद्देनजर धारा 144 लागू कर दी गई है और लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की गई है। चक्रवात निसर्ग के कारण तेज हवाओं और बारिश ने महाराष्ट्र के रत्नागिरी में दस्तक दी है। यहां हवा की रफ्तार 59 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई। मुंबई में वर्सोवा बीच पर तेज हवाओं और तेज ज्वार ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवाती तूफान निसर्ग आज दोपहर एक से तीन बजे के बीच अलीबाग (रायगढ़) के दक्षिण में पार करने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मुंबई इकाई के उप महानिदेशक के. एस. होसालिकर ने बताया कि चक्रवात अलिबाग के दक्षिण के पास से 100-110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गुजरेगा और इस दौरान 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलेंगी।
महाराष्ट्र के रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पालघर में 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। गुजरात के नवसारी और वलसाड में 60-80 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है। रात तक यह कमजोर हो जाएगा: मृत्युंजय मोहपात्रा, डीजीएम, आईएमडी