सीएम योगी का निर्देश- अब उत्तर प्रदेश में जो जहां है वहीं रहेगा, बाहर से आने वालों को प्रवेश नहीं

लखनऊ। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद सख्त फैसला लिया है। अब उत्तर प्रदेश में एक मार्च के बाद से आए हर नागरिक की जांच होगी। इनके ऊपर संक्रमण का जरा भी शक होगा तो इनको क्वारंटाइन किया जाएगा। 


सरकार ने अब जो जहां है उनको  वहीं रोकने को कहा है। अब 14 दिन बाद ही गांव घर जा पाएंगे। मुख्य सचिव ने इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। अब गृह जिले में लौटने वालों को वहीं क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके साथ ही अब किसी को भी 14 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जो लोग केरल में रह रहे हैं या देश के किसी अन्य राज्य में रह रहे हैं वे लोग लॉक डाउन की इस कार्यवाही का पूर्णतः पालन करें। उत्तर प्रदेश के जो भी निवासी जहां पर हैं वह वहां पर प्रदेश सरकार के नोडल अधिकारी के सम्पर्क में रहें। उनको हर प्रकार की मदद मिलेगी और उत्तर प्रदेश सारा खर्च वहन भी करेगी।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार अपने सरकारी आवास पर अधिकारियों के साथ बैठक करने के साथ लखनऊ में स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लखनऊ-आगरा एकसप्रेस-वे के साथ लखनऊ-प्रयागराज रोड के टोल प्लाजा पर काफी भीड़ देखी। भीड़ को देखकर उन्होंने तत्काल ही किसी भी राज्य से प्रदेश के लोगों के अब प्रवेश पर रोक लगा दी है।