राजस्थान में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रित
चंडीगढ़ में 23 साल की लड़की संक्रमित
पीएम आज रात आठ बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे
नई दिल्ली । देश में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 168 हो गई है। आज 17 नए मामले सामने आए हैं। राजस्थान में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित हैं। चंडीगढ़ में 23 साल की एक लड़की पॉजिटिव पाई गई है, लखनऊ में दो और डॉक्टरों में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। पीएम मोदी आज शाम आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। भारतीय रेलवे ने कोरोना वायरस के मद्देनजर कम व्यस्तता के कारण 168 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं, तमिलनाडु में चेन्नई हवाई अड्डे पर 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और 34 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। देश के 18 राज्यों में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 166 हो गई है। आज 15 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 141 भारतीय हैं जबकि 25 विदेशी शामिल हैं। 15 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं, वहीं तीन लोगों की मौत हो चुकी है। राजस्थान में कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। आठ मार्च को इटली से लौटे झुंझुनूं के दंपती और उनकी दो साल की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पति की उम्र 33 वर्ष, पत्नी की 31 साल है। इसी के साथ प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों की संख्या सात हो गई है। चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती कोरोना की एक संदिग्ध मरीज में बुधवार की रात कोरोना की पुष्टि हुई है। चंडीगढ़ में कोरोना वायरस से संक्रमित होने का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पीजीआई के वायरोलॉजी डिपार्टमेंट में हुई जांच में मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चंडीगढ़ निवासी लड़की रविवार सुबह इंग्लैंड से लौटी थी। सर्दी जुकाम की शिकायत पर उसे जीएमसीएच में सोमवार को भर्ती कराया गया था। अब उसकी हालत सामान्य है।