अहमदाबाद,
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने आज मोटेरा स्टेडियम (Motera Stadim) में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और भारत की जमकर तारीफ की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत के लिए अमेरिका के दिल में खास जगह है। राष्ट्रपति ने कहा, 'हर कोई पीएम मोदी को प्यार करता है। आप सिर्फ गुजरात नहीं बल्कि पूरे देश का मान हैं.' ट्रंप ने कहा, 'हर मिनट 12 लोग गरीबी रेखा के ऊपर जा रहे हैं।'
भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए ट्रंप ने प्रधानमंत्री की तारीफ की। ट्रंप ने कहा, 'अमेरिका भारत को प्यार करता है, भारत की इज्जत करता है और अमेरिका हमेशा भारत का ईमानदार और निष्ठावान दोस्त रहेगा।' उन्होंने कहा कि मोटेरा स्टेडियम बहुत ही खूबसूरत है और हम यहां लंबी यात्रा करके संदेश देने आए हैं कि हम भारत को प्यार करते हैं।
- ट्रंप ने गंगा, जामा मस्जिद और मंदिरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आइए हम दोनों देश मिलकर एक शक्तिशाली नेतृत्व के रूप में आगे बढ़ें।
- ट्रंप ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि भारत भविष्य में और तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगा। भारत ज्ञान की धरती है, यहां की संस्कृति काफी महान है। इस स्टेडियम में जो लाखों लोग मौजूद हैं इंडिया उनके दिलों में धड़कता है।
- ट्रंप ने कहा, 'मेरे दिल में भारत हमेशा महत्वपूर्ण जगह रखेगा। ये मोटेरा स्टेडियम बहुत खूबसूरत है, भारतीय संस्कृति की पूरी झलक सड़क पर देखने को मिली।
- ट्रंप ने कहा, 'आज भारत तेजी से अपने सपने को पूरा कर रहा है. प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए अद्भुत हैं।'
- ट्रंप ने कहा, 'विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में मेरा होना सम्मान की बात है'
- ट्रंप ने कहा, 'भारत की एकता पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा। भारत एक ऐसा देश है जहां करोड़ों लोग एक साथ त्यौहार मनाते हैं।'
- ट्रंप ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए ईस्टर्न रीजन खुला रहना चाहिए, कट्टर इस्लामिक आतंकवाद से अपने नागरिकों को बचाने के लिए हम दोनों साथ मिलकर काम करेंगे। हम भारत के साथ व्यापारिक समझौता करना चाहते हैं, आधुनिक एयरक्राफ्ट देना चाहते हैं।'
- ट्रंप ने कहा कि हम महात्मा गांधी का बहुत सम्मान करते हैं। कल दिल्ली में राजघाट जाकर महान व्यक्तित्व महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। हम भारत के लोगों को पसंद करते हैं और यहां के लोगों को प्यार करते हैं। भारत में काफी सारी विविधताएं हैं लेकिन फिर भी यहां के लोगों की एकता विश्व में एक मिसाल है। ट्रंप ने अपने भाषण में स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का भी जिक्र किया।
- ट्रंप ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, ज्यादातर घरों में लोग गैस से खाना बना रहे हैं। ट्रंप ने गॉड ब्लेस इंडिया, गॉड ब्लेस अमेरिका और वी लव यू इंडिया बोलकर अपना भाषण खत्म किया।