प्रयागराज। प्रतापगढ़ जनपद में नगर कोतवाली इलाके में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। रक्तरंजित शव को देख लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की हत्या क्यों और किसने की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल अभी तक आरोपितों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस घरवालों से पूछताछ के बाद संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की।
गुरुवार की रात में घर से निकला था अजीत
नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़नपुर निवासी अजीत वर्मा (28) पुत्र कृष्ण कुमार गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे आमंत्रण में घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग सशंकति हो उठे। उन्होंने उसकी खोजबीन की लेकिन कुछ पता न चला।
शव के निकट से पुलिस को पत्तल आदि मिला
शुक्रवार की सुबह मुर्गी फार्म के निकट खेत में अजीत वर्मा की रक्तरंजित लाश मिली। उधर से जाने वाले लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली क्षेत्र की पुलिस ने तहकीकात करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। गोली से मारकर अजीत की हत्या की गई है। शव के निकट से पुलिस को पत्तल आदि मिला है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या की है।