भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की इंडियन प्रीमियर लीग के बाद से देश में क्रिकेट को लेकर तरह तरह के प्रयोग हो रहे हैं। सलमान खान का सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग ने शानदार कारोबार किया है। एकता कपूर बॉक्स क्रिकेट लीग भी काफी मशहूर हो चली है और अब बारी है मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी की जो लेकर आए हैं 50 प्लस क्रिकेट लीग की पहली भारतीय क्रिकेट टीम।
50 प्लस क्रिकेट लीग दुनिया में तेजी से मशहूर हो रही है। सुनील शेट्टी ने इस लीग के लिए पहली भारतीय टीम की घोषणा रविवार को मुंबई स्थित क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में की। भारतीय टीम का कप्तान शैलेंद्र सिंह को चुना गया है। 16 सदस्यीय टीम में मुख्य रूप से रणजी ट्रॉफी खेल चुके और क्लबों के खिलाड़ी शामिल किए गए हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खेलते रहे हैं। चार दिन तक चली कठिन चयन प्रक्रिया के बाद टीम के सदस्यों का चुनाव किया गया।
सुनील शेट्टी ने बताया कि टीम के कप्तान शैलेंद्र सिंह होंगे। इसके अलावा टीम में मयंक खंडवाला, परक अनंता, तुषार झावेरी, अश्वनी अरोड़ा, प्रीतिंदर सिंह, आदिल चाग्ला, पी जी सुंदर, प्रदीप पटेल, वेरिंदर भूम्बला, थॉमस जॉर्ज, संजय बेरी, दीपक चड्ढा, दिलीप चावण और श्रीकांत सत्या शामिल हैं। टीम में इकबाल खान, पीजी सुंदर और संजय बेरी जैसे रणजी खिलाड़ी शामिल हैं। इकबाल खान टीम के उप-कप्तान भी हैं।